कड़ाके की ठंड से गरीबों की बढ़ी परेशानी, कंबल वितरण के लिए प्रखंड प्रमुख ने डीसी को लिखा पत्र

कड़ाके की ठंड से गरीब-असहायों की बढ़ी परेशानी, कंबल वितरण की मांग
प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी ने उपायुक्त को लिखा पत्र, पंडा व सोनतटीय क्षेत्र के जरूरतमंदों को राहत देने की अपील
केतार (गढ़वा)। केतार प्रखंड के पंडा नदी एवं सोनतटीय क्षेत्र में बढ़ती ठंड के प्रकोप को देखते हुए प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी ने गरीब, वृद्ध एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने गढ़वा उपायुक्त को पत्र लिखकर क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराया है।
प्रमुख ने पत्र में कहा है कि इन दिनों पंडा नदी एवं सोनतटीय क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड बढ़ने के कारण क्षेत्र के गरीब, वृद्ध, बेसहारा और असहाय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर वैसे जरूरतमंद लोगों के लिए रात गुजारना मुश्किल हो गया है, जिनके पास ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े और कंबल उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि ठंड का सबसे अधिक असर गरीब परिवारों, बुजुर्गों और बेसहारा लोगों पर पड़ रहा है। ऐसे में समय रहते राहत पहुंचाना बेहद जरूरी है।
प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी ने उपायुक्त से मानवीय संवेदनशीलता के आधार पर पंडा नदी एवं सोनतटीय क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध कराने तथा शीघ्र कंबल वितरण कराने का आग्रह किया है, ताकि ठंड से परेशान लोगों को राहत मिल सके।