गिरिडीह ने नम आंखों से दी युवा गायिका सोनी चंद्रवंशी को अंतिम श्रद्धांजलि, झंडा मैदान में उमड़ा संगीत जगत

गिरिडीह ने नम आंखों से दी युवा गायिका सोनी चंद्रवंशी को अंतिम श्रद्धांजलि, झंडा मैदान में उमड़ा संगीत जगत

गिरिडीह। शहर की उभरती हुई युवा गायिका सोनी चंद्रवंशी को रविवार को झंडा मैदान में भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। संगीत जगत से जुड़े कलाकारों, गायकों, म्यूजिशियन, कला प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने एकत्र होकर उन्हें नम आंखों से याद किया तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सोनी चंद्रवंशी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों की आंखें नम दिखाई दीं।

वक्ताओं ने सोनी चंद्रवंशी के व्यक्तित्व और संगीत यात्रा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मधुर आवाज और अद्भुत प्रतिभा के दम पर बहुत कम समय में गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। वह कला संगम की दो बार की विजेता रही थीं तथा कई एल्बमों और स्टेज शो में अपनी शानदार गायिकी से लोगों का दिल जीता था। उनकी प्रतिभा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही थी और वे गिरिडीह का नाम रोशन कर रही थीं।

संगीत प्रेमियों ने कहा कि सोनी चंद्रवंशी का असमय निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी मधुर आवाज, सरल स्वभाव और संगीत के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। कलाकारों ने कहा कि सोनी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीत, उनकी कला और उनकी यादें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

श्रद्धांजलि सभा में मोहन तुरी, संजय भारती, रवि राज, अक्षय राज, दीपराज राणा, गौतम सागर राणा, आरकेआर आर्यन, पंकज ऑर्गन, सुरेंद्र पैड, जावेद, सिंगर राम कुमार, अनिल अकेला, आशीष दास, छोटू पंडित, अंगद, टी-सीरीज कलाकार किशोर कुणाल मिश्रा, प्रदीप राजा, कुमोद, भरत तथा पत्रकार राजदीप आर्यन सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी, कलाकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

झंडा मैदान में आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा भावनाओं से ओत-प्रोत रही। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि सोनी चंद्रवंशी की आवाज भले ही अब खामोश हो गई हो, लेकिन उनकी गायिकी, उनकी मुस्कान और संगीत के प्रति उनका समर्पण हमेशा लोगों के दिलों में अमर रहेगा।