गिरिडीह में जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
गिरिडीह। पचंबा के अनुमंडलीय कृषि प्रक्षेत्र में आज जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। राज्य व जिला स्तर के कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, कृषक मित्र और बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों की समृद्धि से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने किसानों से आधुनिक तथा वैज्ञानिक खेती पद्धतियों को अपनाने, उन्नत बीजों का उपयोग करने और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक लाभ लेने की अपील की। खरीफ मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे किसानों तक समय पर बीज, उर्वरक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि उत्पादन में वृद्धि हो सके।
रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, फसल विविधीकरण और जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में उठाई जा रही पहलों पर भी प्रकाश डाला और अधिकारियों से किसानों को योजनाओं की सही जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने का आग्रह किया।
कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञों ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती, कीट प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा दुग्ध उत्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव और तकनीकी जानकारी किसानों को दी। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली योजनाओं व अनुदान संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।
जिला कृषि पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपने प्रश्न, समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनके समाधान हेतू अधिकारियों ने आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

