झारखंड की सड़कों को मिलेगी रफ्तार? नितिन गडकरी से रविंद्र तिवारी ने की मुलाकात

झारखंड की लंबित सड़क परियोजनाओं को गति देने और सड़क सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद (NRSC) के सदस्य रविंद्र तिवारी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।

इस दौरान रविंद्र तिवारी ने मंत्री को पत्र सौंपकर झारखंड प्रदेश में संचालित महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया।

उन्होंने विशेष रूप से चौड़हड़ा से गोड़हर तक एनएच-02 की छह लेन सड़क निर्माण परियोजना का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि विभिन्न आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद परियोजना का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। मुख्यालय स्तर पर कार्यों में देरी के कारण परियोजना प्रभावित हो रही है।

वहीं, एनएच-75 निर्माण परियोजना के तहत पोखराहा और जोड़ में फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता पर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि पोखराहा में पिछले तीन महीनों के दौरान सात सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण को लेकर शीघ्र निर्णय लेना बेहद जरूरी है।

इसके अलावा गढ़वा बाईपास सड़क परियोजना के अंतर्गत ग्राम अचला-नावाडीह में फ्लाईओवर निर्माण के बाद भी सर्विस रोड का निर्माण नहीं होने का मामला उठाया गया। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रविंद्र तिवारी ने केंद्रीय मंत्री से इन तीनों महत्वपूर्ण मामलों की समग्र समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया।

अब देखना होगा कि इन मांगों पर विभागीय स्तर पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और झारखंड की लंबित सड़क परियोजनाओं को कब तक धरातल पर गति मिलती है।

You may have missed