धुरकी थाना की जागरूकता पहल, विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सगमा उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, मद्य निषेध, डायन-भूत प्रथा, दहेज प्रथा अधिनियम, नशा मुक्ति तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को समाज में फैली बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सावधानीपूर्वक करना आवश्यक है। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहना चाहिए।
यातायात सुरक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। वहीं मद्य निषेध एवं नशा मुक्ति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए हानिकारक है।
थाना प्रभारी ने बच्चों को सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर तथा बच्चों से संबंधित समस्याओं के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।