15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद निलंबित
15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद निलंबित
महफ़ूज़ आलम / चतरा :
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग की ट्रैप कार्रवाई में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार चतरा अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग की ट्रैप टीम ने भ्र०नि० हजारीबाग थाना कांड संख्या-09/26, दिनांक 14.09.2026 के तहत कार्रवाई करते हुए चतरा अंचल के हल्का-VII में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को शिकायतकर्ता तुलसी यादव से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए 15 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 7(a) के तहत दर्ज मामले में की गई।
गिरफ्तारी के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-9(2)(क) के तहत सतीश प्रसाद को 15 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। यह भुगतान झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-10 के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा।
कारावास से मुक्त होने के बाद सतीश प्रसाद को जिला स्थापना शाखा, चतरा में योगदान करना होगा।
जिला प्रशासन द्वारा सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

