धुरकी पुलिस का जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से बचाव और सामाजिक कुरीतियों पर दी जानकारी

शिवरी चौपाल के समीप धुरकी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवरी चौपाल के समीप थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों के बीच जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात सुरक्षा, आपातकालीन सेवा डायल 112 की उपयोगिता, डायन-बिसाही जैसी अंधविश्वासपूर्ण कुप्रथाओं तथा समाज में व्याप्त अन्य सामाजिक कुरीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
मौके पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए ग्रामीणों को मोबाइल फोन पर आने वाले अनजान कॉल, लिंक और ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी नहीं देनी चाहिए। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट का उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति, दुर्घटना या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें, ताकि पुलिस समय पर सहायता पहुंचा सके।
थाना प्रभारी ने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि अंधविश्वास के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने की अपील की। इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता रही।