भूमिहीन परिवारों की जमीन बचाने पहुंचे रूचिर तिवारी, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

किनी गांव में बंदोबस्त की गई पांच एकड़ जमीन पर घेराबंदी का विरोध, गरीब परिवारों को उजाड़ने नहीं देगी भाकपा : रूचिर तिवारी

1995-97 में रफीक अंसारी, सजदा बीवी सहित कई भूमिहीन परिवारों को मिली थी जमीन की बंदोबस्ती; करीब 30 लोगों के सामने बेघर होने का संकट, उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग।

मेदिनीनगर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक उम्मीदवार रूचिर कुमार तिवारी ने चैनपुर अंचल के ग्राम किनी पहुंचकर अल्पसंख्यक समुदाय के गरीब परिवारों से मुलाकात की और उनकी जमीन से जुड़ी समस्या की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम किनी के खाता नंबर 19, प्लॉट नंबर 781, रकबा लगभग पांच एकड़ जमीन की बंदोबस्ती वर्ष 1995 से 1997 के बीच रफीक अंसारी, सजदा बीवी सहित कई गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के नाम से की गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, उक्त जमीन पर उनका लंबे समय से कब्जा है और वे नियमित रूप से मालगुजारी रसीद भी कटवा रहे हैं। इस जमीन पर करीब 10 घर बने हुए हैं, जहां लगभग 30 लोग अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ रहते हैं। लेकिन अब इसी जमीन पर नगर निगम की एक परियोजना के लिए घेराबंदी की जा रही है। इससे इन गरीब परिवारों के सामने बेघर होने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

श्री तिवारी ने कहा कि जिन परिवारों को सरकार ने वर्षों पहले जमीन की बंदोबस्ती की थी और जिनके पास मालगुजारी रसीद भी है, उनके साथ इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। गरीब परिवार अपने हक और आशियाने को बचाने के लिए पलामू उपायुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के कार्यालयों का लगातार चक्कर लगा रहे हैं। दौड़ते-दौड़ते इन लोगों की चप्पलें घिस गईं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले पर भाजपा के स्थानीय विधायक और सांसद की चुप्पी समझ से परे है। वहीं, झारखंड सरकार के जिम्मेदार लोग भी इन गरीब परिवारों की समस्या पर मौन साधे हुए हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह गरीबों, भूमिहीनों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के अधिकारों एवं उनके आवास की सुरक्षा सुनिश्चित करे, न कि उन्हें बेघर होने के लिए छोड़ दे।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पलामू जिला परिषद की ओर से पलामू उपायुक्त से मांग की गई है कि ग्राम किनी के इन परिवारों की बंदोबस्ती, राजस्व अभिलेख एवं मालगुजारी रसीदों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उनके आवास और भूमि के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। जब तक मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक जमीन पर किसी भी प्रकार की बेदखली या घेराबंदी की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। साथ ही, इन परिवारों के रहने के लिए कम से कम पांच एकड़ जमीन की सुरक्षा एवं स्वीकृति सुनिश्चित की जाए।

श्री तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पीड़ित अल्पसंख्यक परिवारों को साथ लेकर झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी और जिले में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। किसी भी कीमत पर गरीब अल्पसंख्यक परिवारों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को उनके घरों से बेघर किए जाने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। सरकार को विकास के नाम पर गरीबों के आशियाने छीनने के बजाय उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा करनी चाहिए।