गिरिडीह में होमगार्ड बहाली जल्द शुरू कराने की मांग, अभ्यर्थियों ने श्वेता शर्मा से लगाई गुहार
गिरिडीह। गिरिडीह जिले में झारखंड होमगार्ड की बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर भईया जी फ्री फिजिकल एकेडमी की टीम एवं बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा से आवश्यक पहल करने की अपील की है।
टीम ने कहा कि जिले में होमगार्ड बहाली शुरू कराने के लिए अभ्यर्थियों ने पूर्व में दो बार उपायुक्त को आवेदन देकर अनुरोध किया है, लेकिन अब तक बहाली प्रक्रिया से जुड़ी कोई स्पष्ट आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। इससे जिले के हजारों इच्छुक छात्र-छात्राओं और अभ्यर्थियों के बीच असमंजस बना हुआ है।
टीम का कहना है कि लंबे समय से बहाली की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए यह रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थियों के हित में प्रशासन द्वारा शीघ्र उचित कदम उठाए जाने की उम्मीद है।
भईया जी फ्री फिजिकल एकेडमी की टीम ने श्वेता शर्मा से अनुरोध किया है कि वे इस मुद्दे को संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन के समक्ष उठाएं और गिरिडीह जिले में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया शुरू कराने के साथ ही इससे जुड़ी आधिकारिक सूचना जारी कराने के लिए पहल करें।
टीम ने आशा व्यक्त की है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों के हित में आवश्यक कार्रवाई करेंगी।

