चक्रवात ‘अर्णव’ का खतरा: पुरी जगन्नाथ धाम की यात्रा 2-3 दिन टालने की सलाह, चिल्का में नौकायन बंद
ओडिशा में चक्रवात अर्णव के खतरे को देखते हुए जगन्नाथ धाम की यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को ओडिशा के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
खासकर जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से पुरी स्थित जगन्नाथ धाम जाने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना सावधानी से बनाएं। ट्रेन से सफर करने वालों को भी घर से निकलने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन और रेलवे की ताजा सूचना जरूर जांच लेनी चाहिए। खराब मौसम के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, चिल्का झील में पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नौकायन पर रोक लगा दी गई है। पुरी के समुद्र तट पर भी पर्यटकों को सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए श्रद्धालुओं को पुरी की यात्रा दो से तीन दिन टालने की सलाह दी गई है।

