गिरिडीह में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, JSSC-JPSC मामले में CBI जांच की मांग

गिरिडीह। झारखंड के छात्रों की आवाज को बुलंद करते हुए भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर एवं गिरिडीह ग्रामीण के नेतृत्व में शनिवार को विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने JSSC-JPSC के माध्यम से हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने, नौकरी को छात्रों का अधिकार बताते हुए निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया।
घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता पहले गिरिडीह स्टेडियम में एकजुट हुए। यहां से सभी पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी करते हुए समाहरणालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और छात्रों के हित में आवाज बुलंद की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि झारखंड के युवा लंबे समय से रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके और छात्रों का विश्वास बहाल हो।
प्रदर्शनकारियों ने नौकरी हमारा अधिकार, घोटाले की CBI जांच करो और फर्जी मुकदमे वापस लो जैसे नारे लगाए। भाजपा ने मांग की कि JSSC-JPSC से जुड़े कथित घोटालों की CBI से जांच कराई जाए और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को लेकर समाहरणालय परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दी गई है।