गिरिडीह में 129वें गोपाष्टमी मेले का भव्य शुभारंभ, डीसी रामनिवास यादव ने किया उद्घाटन; 26 नवंबर तक चलेगा मेला

गिरिडीह। पचंबा स्थित श्री गोपाल गौशाला में मंगलवार की शाम 129वें वार्षिकोत्सव सह गोपाष्टमी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। दस दिवसीय मेले का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया। उद्घाटन से पूर्व गौशाला परिसर में विधि-विधान के साथ गौमाता की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मेले का आगाज होते ही श्रद्धालुओं और शहरवासियों की भीड़ उमड़ने लगी। यह मेला 26 नवंबर तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि गोपाष्टमी भारतीय संस्कृति, आस्था और गौसेवा का प्रतीक पर्व है। गौमाता की सेवा और संरक्षण हमारी परंपरा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार और विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से गौसेवा एवं पशु संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ धीरेंद्र कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप ढोकानिया, मेला संयोजक मुकेश कुमार साहू, कोषाध्यक्ष संजय भुडोलिया और सचिव प्रवीण बगड़िया समेत समिति के कई सदस्य मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, मेला संयोजक मुकेश साहू ने शहरवासियों से परिवार के साथ मेले में पहुंचकर आनंद उठाने की अपील की।
गोपाष्टमी मेले को लेकर गौशाला परिसर स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा भूलभुलैया और मूर्ति घर दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मूर्ति घर में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के साथ फिल्म हनुमान अंश से जुड़े दृश्य भी प्रदर्शित किए गए हैं।
वहीं, मेले में खानपान के लिए कई स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं। पारंपरिक गोपाष्टमी मेले को लेकर पचंबा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। दस दिनों तक चलने वाले इस मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

You may have missed