पत्रकार अभिषेक भारती पर मुकदमे के खिलाफ गिरिडीह प्रेस क्लब का विरोध, CM के नाम सौंपा ज्ञापन
गिरिडीह। भारत मित्र कार्यालय में हुई पुलिसिया कार्रवाई और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के विरोध में मंगलवार को प्रेस क्लब गिरिडीह ने अपना विरोध दर्ज कराया। इसको लेकर प्रेस क्लब के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
ज्ञापन के जरिए पत्रकारों ने पूरे प्रकरण पर नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार और जिला प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश सिन्हा ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ जिस तरह मामला दर्ज किया गया है, वह उचित नहीं है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर अभिषेक भारती पर दर्ज मुकदमे को अविलंब वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाज और शासन-प्रशासन के बीच पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों के साथ किसी भी तरह की अनुचित कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता की रक्षा करना सरकार एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन एकजुट है। इस मौके पर गिरिडीह के अधिकांश पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अभिषेक भारती के मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने, दर्ज मुकदमे को वापस लेने तथा पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की।
मौके पर गिरिडीह प्रेस क्लब के महासचिव अरविंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी अग्रवाल, प्रमोद चौधरी, प्रवीण राय, अमरनाथ सिन्हा, पीयूष मिश्रा, सुनील शर्मा, जगजीत सिंह बग्गा, गौरव कुमार, बिनोद शर्मा, अतुल प्रसाद, संतोष तिवारी, गौतम कुमार सिंह, विवेक गुप्ता, अभिषेक सहाय, योगेश दास, आशीष विश्वकर्मा, मनोज कुमार, विकाश सिंह समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।

