मेदिनीनगर से बिहार जा रही बस में फल की पेटी से मिली 24 पेटी शराब, ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में
सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट
दिनांक – 18/11/2026 मेदिनीनगर से फल की पेटी में छिपाकर यात्री बस से बिहार भेजी जा रही थी शराब, हिरासत में ड्राइवर और कंडक्टर
एंकर – जिले के मेदिनीनगर से बिहार के औरंगाबाद जा रही एक यात्री बस से पुलिस ने 24 पेटी अवैध शराब को जब्त किया है. फल की पेटी में पैक कर बिहार में शराब की सप्लाई की जा रही थी. पुलिस पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जबकि यात्री बस को जब्त कर लिया गया है.
दरअसल, पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि यात्री बस से शराब की तस्करी होने वाली है. इसी सूचना के आलोक में पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 139 पर पुलिस ने यात्री बस को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान बस के डिक्की से 24 पेटी अवैध शराब बरामद हुआ. इस दौरान एक व्यक्ति इमरजेंसी गेट से निकलकर फरार हो गया.
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है. पूरे मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर ने पूछताछ के दौरान बताया है कि बस स्टैंड में एक व्यक्ति ऑटो से पहुंचा था और फल को ले जाने की बात कही थी. व्यक्ति ने इसके एवज में एक हजार रुपए बस कंडक्टर और ड्राइवर को दिए थे.
थाना प्रभारी ने बताया कि बस कंडक्टर और ड्राइवर की भूमिका संदिग्ध है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. बस कंडक्टर पड़वा थाना क्षेत्र के कजरी का जबकि बस ड्राइवर टाउन थाना क्षेत्र के सूदना का रहने वाला है.
गौरतलब हो कि बिहार में शराबबंदी है. अक्सर पलामू के इलाके से बिहार के इलाके में शराब की तस्करी होती है. तस्कर नए-नए तरीकों का इस्तेमाल करते हैं. फल की पेटी में बिहार के इलाके में शराब की सप्लाई का यह पहला मामला पकड़ा गया है. इससे पहले कई तरीकों का खुलासा पुलिस कर चुकी है.
2024 के बाद से पलामू पुलिस तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान करोड़ों की शराब पकड़ चुकी है. 2024 में करीब डेढ़ करोड रुपए की शराब पकड़ी गई थी. वहीं 2025 में एक करोड़ रुपये के करीब शराब जब्त की गई थी. 2026 में पुलिस अब तक 50 लाख रुपए से अधिक की शराब पकड़ चुकी है.



