UCC पर भाजपा को बिट्टू पाठक ने घेरा, बोले- देश की विविधता पर एकरूपता थोपने की कोशिश

यूजीसी के बहाने देश की विविधता पर एकरूपता थोपना चाहती है भाजपा : बिट्टू पाठक
-कांग्रेस नेता ने कहा, संविधान की आत्मा विविधता और लोकतांत्रिक मूल्यों में निहित
मेदिनीनगर (पलामू)। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भाजपा की राजनीति पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकरूपता थोपने की राजनीति कर रही है, जबकि भारत की पहचान उसकी विविधता, सांस्कृतिक विरासत और संवैधानिक मूल्यों से है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कभी ‘एक देश, एक चुनाव’, कभी ‘एक देश, एक टैक्स’ और अब ‘एक देश, एक कानून’ का नारा देकर देश की विविधता को सीमित विचारधारा में समेटना चाहती है। सवाल है कि भाजपा का अगला नारा ‘एक देश, एक पार्टी, एक विचारधारा’ होगा? उन्होंने कहा कि समान अधिकारों की बात उचित है, लेकिन समानता के नाम पर धार्मिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
बिट्टू पाठक ने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की परेशानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत किसी एक विचारधारा का राष्ट्र नहीं, बल्कि अनेक विचारों और संस्कृतियों का साझा देश है। संविधान एकता का संदेश देता है, एकरूपता थोपने का नहीं।