“गढ़वा में पौधारोपण अभियान: पर्यावरण संरक्षण में योगदान”
गढ़वा । एकल अभियान की ओर से चलाए जा रहे पौधारोपण कार्यक्रम अंतर्गत रविवार को अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने जुटी ग्राम स्थित आर.पी. नर्सिंग कॉलेज के निर्माणाधीन भवन परिसर में सपरिवार पौधरोपण किया । अपर समाहर्ता राज महेश्वरम की धर्मपत्नी छाया महेश्वरम, सुपुत्र आर्यन राज, पुत्री वोमिंका राज, एकल विद्यालय के गढ़वा अंचल अध्यक्ष डॉक्टर पातंजली केशरी सहित अन्य लोगों ने फलदार और छायादार पौधे लगाए ।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने कहा कि प्रदूषण की समस्या से निजात पाने के लिए पौधारोपण आवश्यक है । पेड़ पौधों से हमें नि:शुल्क ऑक्सीजन मिलता है । पौधे हमें न सिर्फ ऑक्सीजन देते हैं बल्कि फूल फल, औषधि और इमारती लकड़िया भी देते हैं । जलवायु नियंत्रण में भी पेड़ हमें मदद करते हैं । जल संरक्षण में भी पेड़ों से सहायता मिलती है । हमें इस तरह के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए । साथ ही दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए । लगाए गये पौधों को देखभाल की भी जरूरत है । कुछ ही वर्षों में पौधे बड़े हो जाते हैं और अपने द्वारा लगाए गए पौधे को पेड़ में तब्दील होने के बाद देखने पर सुखद एहसास होता है । पेड़ों की छाया तले सुकून की अनुभूति होती है। पेड़ हमारे लिए बहुत ही लाभदायक है । पौधारोपण करना और इसकी सुरक्षा करना हम सबकी जवाबदेही है ।
गढ़वा अंचल अध्यक्ष डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि पेड़ पौधे हमें भोजन, लकड़ी के अलावा रोजगार के अवसर भी प्रदान करते हैं । पौधारोपण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देता है । पेड़ों की जड़ें मिट्टी को बांधकर बारिश के दौरान कटाव को काम करती है । पौधारोपण से जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है ।विभिन्न प्रजातियों के जीव जंतु सुरक्षित रहते हैं । उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों को सांस लेने में तकलीफ, एलर्जी सहित अन्य स्वास्थ्य समस्या देखने को मिलती है । वृक्ष हमारे शरीर के हानिकारक तत्वों को दूर कर स्वच्छ बनाते हैं ।
मौके पर अभियान के अंचल सचिव अरुण कुमार, अंचल संस्कार शिक्षा सचिव गौतम कुमार, महिला समिति अध्यक्ष श्रीमती नीलू केशरी, सचिव विमला देवी, शिव देवी, रेणु देवी, रेणुका गुप्ता, लक्ष्मी देवी, ओमप्रकाश गुप्ता, संतोष कुमार, अंचल अभियान प्रमुख जितेंद्र कुमार यादव, उपेंद्र राम, राजबली पासवान, ज्योति प्रकाश, आचार्य प्रतिमा देवी, संध्या देवी, रिंकू देवी, माया देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे ।

