सतबरवा के कसियाडीह में 2.5 करोड़ से बनेगा FCI गोदाम, विधायक रामचंद्र सिंह ने किया शिलान्यास
ग्रामीण क्षेत्र में एफसीआई गोदाम का शिलान्यास : विकास की नई राह
सतबरवा (पलामू)। शनिवार को सतबरवा के कसियाडीह स्थित हलुआ चट्टान के समीप मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) गोदाम के निर्माण की आधारशिला रखी। लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस गोदाम की भंडारण क्षमता एक हजार मीट्रिक टन होगी।
विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि यह गोदाम क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा और भंडारण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी अविनाश कुमार कंस्ट्रक्शन को सौंपी गई है। परिसर में पेवर ब्लॉक बिछाए जाएंगे तथा सात टन क्षमता का तौल कांटा भी स्थापित किया जाएगा।
शिलान्यास समारोह के दौरान ग्रामीणों ने निर्माण स्थल बदलने की मांग रखी। विधायक ने उनकी बातें गंभीरता से सुनीं और आश्वासन दिया कि उचित निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, मीडिया प्रभारी अमित कुमार, पिंटू मामा, संदीप कुमार, अरविंद सिंह, अरुण प्रसाद, अनुज कुमार, मुकेश कुमार, मनदीप कुमार, सुजीत कुमार, इंद्रदेव उराँव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

