फूड पॉइजनिंग कांड में सख्ती: गुपचुप विक्रेता गिरफ्तार, मासूम की मौत के बाद कार्रवाई तेज

गिरिडीह। सदर प्रखंड के बजटो गांव में हुए फूड पॉइजनिंग कांड को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपी गुपचुप (गोलगप्पा) विक्रेता ओभी लाल रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई 6 वर्षीय मासूम रंजन कुमार की मौ,त के बाद की गई, जिसकी तबीयत जहरीले गोलगप्पे और चाट खाने से बिगड़ गई थी। मृ,तक के पिता राम किशोर प्रसाद वर्मा की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 100/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बताया जाता है कि रविवार को लेदा बजटो गांव में ओभी लाल रजक के ठेले से गोलगप्पे और चाट खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों समेत दर्जनों लोगों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते करीब 49 लोग बीमार पड़ गए। सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मासूम रंजन कुमार की मौ,त हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप कर लगातार घर-घर सर्वे कर रही है और प्रभावित लोगों की जांच की जा रही है। सदर अस्पताल में अब भी करीब 20 मरीज इलाजरत हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।