बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में “रथ यात्रा” सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन

बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में “रथ यात्रा” सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन
11 जुलाई, गिरिडीह।
बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में बाल वाटिका (नर्सरी से कक्षा 2) के विद्यार्थियों के लिए रथ यात्रा सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ‘भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा’ के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति उनमें आस्था एवं सम्मान का भाव विकसित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के स्वरूप में पारंपरिक वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम में शामिल हुए। छात्रों ने सुसज्जित रथ के साथ हर्षोल्लासपूर्वक रथ यात्रा निकाली तथा भक्ति गीतों एवं जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने भगवान जगन्नाथ की महिमा पर आधारित मनमोहक भाव नृत्य प्रस्तुत कर सभी दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त भजन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि “ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय सभ्यता, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यालय केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं सांस्कृतिक चेतना के संवर्धन के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।” कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्रों शिक्षकों एवं अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा।