दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, कोबरा के डसने से पांच वर्षीय आराध्या की मौत
सर्पदंश से जान गंवाने वाली पांच वर्षीय मृतिका आराध्या कुमारी का फाइल फोटो।
कांडी प्रतिनिधि। कांडी थाना क्षेत्र के भीलमा गांव में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। विषैले कोबरा सांप के डसने से उपेंद्र प्रजापति की पांच वर्षीय पुत्री आराध्या कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम आराध्या अपने घर के पास बैठी थी। इसी दौरान जलावन के लिए रखे गोइठे को निकालने के क्रम में वहां छिपे विषैले कोबरा सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के डसते ही बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। महज पांच वर्ष की मासूम आराध्या की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां बच्ची की मौत से मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे भीलमा गांव में शोक की लहर है।

