सड़क दुर्घटना में मृत मुकेश के परिजनों को मिली 20 हजार की सहायता राशि

मृतक मुकेश कुमार की पत्नी निशा कुंवर को 20 हजार रुपये का चेक प्रदान करते पंचायत प्रतिनिधि एवं प्रखंड कर्मी।

सड़क दुर्घटना में मृत मुकेश के परिजनों को मिली 20 हजार की सहायता राशि

बीडीओ के निर्देश पर पत्नी को सौंपा गया चेक, 50 किलो चावल भी उपलब्ध कराया गया

कांडी/प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड के कांडी गांव निवासी 25 वर्षीय मुकेश कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद शुक्रवार को उनके परिजनों को प्रशासन की ओर से सहायता राशि प्रदान की गई। बीते 4 नवंबर को जतरो गांव जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप मोटरसाइकिल दुर्घटना में मुकेश कुमार की मौत हो गई थी।

बीडीओ राजेश कुमार के निर्देश पर कांडी पंचायत के मुखिया विजय राम, पंचायत सचिव शाहिद अंसारी एवं प्रखंड के प्रधान लिपिक संजय सक्सेना ने मृतक की पत्नी निशा कुंवर को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक सौंपा। इसके अतिरिक्त परिवार को 50 किलोग्राम चावल भी उपलब्ध कराया गया।

प्रखंड प्रशासन की ओर से पारिवारिक लाभ योजना के तहत यह सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। चेक एवं खाद्यान्न वितरण के दौरान जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश राम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनूप कुमार, समाजसेवी उदय राम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।