दीपावली को लेकर कांडी बाजार में बढ़ी रौनक, दीये और सजावटी सामान की दुकानों पर उमड़ेगी भीड़

दीपावली को लेकर कांडी बाजार में सजी मिट्टी के दीये, पूजा सामग्री और सजावटी सामान की दुकानें।

दीपावली पर कांडी बाजार में बढ़ेगी रौनक रविवार को घर-घर होगी मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा, मिठाई, दीये और सजावटी सामान की खरीदारी को लेकर बाजार में उमड़ेगी भीड़।

कांडी (गढ़वा)। रोशनी और खुशियों का पर्व दीपावली रविवार को कांडी प्रखंड में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर कांडी बाजार सहित ग्रामीण इलाकों में तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों की साफ-सफाई और सजावट का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। वहीं दीपावली की खरीदारी को लेकर कांडी बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। बाजार में मिट्टी के दीये, मोमबत्ती, रंग-बिरंगी झालर, बिजली की लाइट, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं। मिठाई, फल-फूल और सजावटी सामान की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। पटाखों की दुकानों पर भी खरीदारी को लेकर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। दुकानदारों को पर्व के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद है। आधुनिकता के दौर में बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक लाइटों का प्रचलन भले ही बढ़ गया हो, लेकिन मिट्टी के दीयों का महत्व आज भी बरकरार है। दीपावली पर घरों के आंगन, दरवाजे, तुलसी चौरा और पूजा स्थलों पर मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा कायम है। इससे स्थानीय कुम्हारों को भी रोजगार मिलता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार घी और तेल के दीपक जलाना शुभ माना जाता है। रविवार की शाम घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाएगी। लोग सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। पूजा के बाद घरों और प्रतिष्ठानों को दीपों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। रात में आतिशबाजी से कांडी बाजार और आसपास के गांवों का आसमान रोशन होगा। पर्व को लेकर पूरे कांडी प्रखंड में उत्साह का माहौल है।