गढ़वा जिला क्रिकेट लीग: सूर्या क्रिकेट क्लब ने सनराइज को 115 रनों से हराया, हर्ष बने मैन ऑफ द मैच

सूर्या क्रिकेट क्लब ने सनराइज क्रिकेट क्लब को 115 रनों से हराया, हर्ष कुमार सिंह बने मैन ऑफ द मैच

गढ़वा। गढ़वा जिला क्रिकेट लीग के तहत सोमवार को सूर्या क्रिकेट क्लब और सनराइज क्रिकेट क्लब के बीच लीग का दूसरा मुकाबला खेला गया। इसमें सूर्या क्रिकेट क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइज क्रिकेट क्लब को 115 रनों से पराजित कर दिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सूर्या क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 306 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से हर्ष कुमार सिंह ने शानदार 90 रन बनाए। वहीं जीसान अहमद ने 51 और मानसराज ने 41 रनों का योगदान दिया। सनराइज क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए दिव्य रंजन और रोहित राज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

307 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइज क्रिकेट क्लब की टीम सूर्या के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 26.2 ओवर में 191 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सूर्या क्रिकेट क्लब की ओर से राजन और शेख साफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके।

इस तरह सूर्या क्रिकेट क्लब ने मुकाबले में 115 रनों से शानदार जीत दर्ज की। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए हर्ष कुमार सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार अजय कांत ने प्रदान किया।

You may have missed