सेमौरा में भव्य कलश यात्रा के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू
सेमौरा में भव्य कलश यात्रा के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू
गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत सेमौरा गांव में नव युवक कला संघ के तत्वावधान में दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस दौरान सेमौरा और सरकोनी पंचायत के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने टेढ़ा नदी से पवित्र जल उठाया। जय माता दी और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा में सरकोनी पंचायत के मुखिया सुबोध वर्मा समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद आचार्य डॉ. अनमोल पांडेय की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
मुखिया सुबोध वर्मा ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन ग्रामीण एकता, आपसी सद्भाव और सनातन संस्कृति को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में नव युवक कला संघ के अध्यक्ष नीरज पांडेय, सचिव मदन गुप्ता, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष अंकित कुमार गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलश स्थापना के साथ ही सेमौरा गांव में मां दुर्गा की नौ दिवसीय आराधना शुरू हो गई है। महोत्सव को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल बना हुआ है।

