बरवाडीह पहुंचे रेलवे GM डिंपी गर्ग, कर्मचारियों ने मांगपत्र सौंपकर सुविधाएं बढ़ाने की रखी मांग
बरवाडीह में हाजीपुर रेल जोन के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग एवं मंडल रेल प्रबंधक अभिलेश मिश्रा शुक्रवार को बरवाडीह दौरे पर पहुंचे।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने फुट ओवरब्रिज से रेलवे यार्ड का निरीक्षण किया और रेल अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के शाखा सचिव सुनील सिंह ने महाप्रबंधक का स्वागत किया। इसके बाद यूनियन की ओर से रेल कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा गया।
मांगपत्र में बरवाडीह रेलवे अस्पताल में महिला चिकित्सक एवं नर्स की नियुक्ति, कर्मचारियों की संख्या के अनुरूप रेलवे क्वार्टरों का निर्माण, तथा बाबा चौक में फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
यूनियन के शाखा सचिव सुनील सिंह ने कहा कि बरवाडीह रेल क्षेत्र में कर्मचारियों की संख्या और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए इन सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है।
वहीं, बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलने पर यूनियन की ओर से महाप्रबंधक के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
महाप्रबंधक के दौरे के दौरान रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।

