बाढ़ से टूटी सड़क पर समाजसेवियों ने संभाला मोर्चा, जेसीबी से आवागमन कराया बहाल

बरवाडीह से राहत भरी खबर सामने आई है। बाढ़ में सड़क और पुलिया का गार्डवाल बह जाने के बाद समाजसेवियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आवागमन बहाल कराने की पहल की है।

आदर्शनगर–छिपादोहर मुख्य मार्ग पर बाढ़ के कारण सड़क और पुलिया का गार्डवाल बह जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। इससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

समाजसेवी कमलेश सिंह की पहल पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू और व्यवसायी प्रदीप मेहता ने अपना ट्रैक्टर भेजकर क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी और अन्य सामग्री का भराव कराया। इसके बाद कमलेश सिंह ने अपनी जेसीबी मशीन से भराव वाले हिस्से को समतल कर रास्ते को आवागमन के लायक बनाया।

इस पहल के बाद मार्ग पर आवागमन शुरू हो गया, जिससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली।

वहीं, विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ के बाद लोगों की परेशानी को देखते हुए तत्काल अस्थायी व्यवस्था करना जरूरी था, जिसे उनके प्रतिनिधि और सहयोगियों ने जिम्मेदारी के साथ पूरा किया। उन्होंने बताया कि सड़क और पुल के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही निविदा निकाली जाएगी।

विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह और समाजसेवी कमलेश सिंह को आगे भी जनहित के कार्यों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

बाढ़ से क्षतिग्रस्त मार्ग पर तत्काल आवागमन बहाल होने और स्थायी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से क्षेत्र के लोगों में अब उम्मीद की नई किरण जगी है।

बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।