पलामू में ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान की शुरुआत, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान काशुभारंभ,उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को किया रवाना

बच्चों में पठन संस्कृति विकसित करने एवं नियमित रूप से पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड शिक्षा परियोजना, पलामू द्वारा ‘Reading Campaign – मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के चयनित विद्यालयों में बच्चों को रोचक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों से जोड़ने के साथ-साथ पढ़ने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इसी क्रम में आज उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ जागरूकता/प्रचार रथ को रवाना किया। यह प्रचार रथ जिले के सदर मेदिनीनगर, पड़वा एवं चैनपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचकर बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को पठन अभियान के प्रति जागरूक करेगा।

अभियान के तहत बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रहकर कहानी, कविता एवं अन्य ज्ञानवर्धक पुस्तकों के नियमित पठन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ने, समझने, अभिव्यक्ति करने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने की आदत विकसित करना है।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में पढ़ने की आदत की महत्वपूर्ण भूमिका है। नियमित पठन से बच्चों के ज्ञान का विस्तार होने के साथ उनकी भाषा, कल्पनाशक्ति, समझ एवं अभिव्यक्ति क्षमता भी बेहतर होती है। उन्होंने अभियान को विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।

प्रचार रथ के माध्यम से 07 सितंबर से 09 सितंबर 2026 तक सदर मेदिनीनगर, पड़वा एवं चैनपुर प्रखंड के निर्धारित विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा अभियान के व्यापक संचालन के तहत जिले में 15 अगस्त से 18 सितंबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।इस अवसर पर सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता,जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, ADPO अंबुजा पांडे, APO मनोज मिश्रा, Room to Read के अक्षय पांडे एवं श्री अनुपम तिवारी सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may have missed