गिरिडीह में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

गिरिडीह में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। झंडा मैदान से शुरू हुई यात्रा टॉवर चौक, कालीबाड़ी, मौलाना आजाद चौक और शिव मोहल्ला होते हुए बड़ा चौक पहुंचकर समाप्त हुई। सैकड़ों लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत राय ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान का प्रतीक बताते हुए वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। भाजपा नेता व पार्षद संजीव कुमार ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की बात कही, जबकि दिनेश यादव ने समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने की प्रतिबद्धता जताई। यात्रा में प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार, दिलीप वर्मा, सुरेश साव, विनय सिंह, प्रो. विनीता कुमारी, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।