गिरिडीह में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, तीन बालू लदे ट्रैक्टर जब्त

गिरिडीह। अवैध बालू कारोबार के खिलाफ मुफ्फसिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के मटरुखा पंचायत अंतर्गत इलाके से अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से बालू तस्कर भागने में सफल रहे। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को मुफ्फसिल थाना लाया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मटरुखा इलाके की बराकर नदी से लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि यहां से अवैध रूप से निकाला गया बालू ट्रैक्टरों के जरिए धनबाद सहित अन्य क्षेत्रों में भेजा जाता है। इसी शिकायत के आधार पर मुफ्फसिल थाना पुलिस ने इलाके में छापेमारी की।
पुलिस को मौके पर अवैध बालू से भरे तीन ट्रैक्टर मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ट्रैक्टर चालक और तस्करी में शामिल अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस अब जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन विवरण और अन्य साक्ष्यों की जांच कर तस्करों की पहचान कर रही है।
पुलिस ने कहा है कि जिन लोगों की अवैध बालू परिवहन में संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध बालू तस्करी के खिलाफ आगे भी नियमित छापेमारी और गश्ती जारी रखने की बात कही गई है। कार्रवाई के बाद इलाके में बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।