विद्यालय स्तरीय प्रश्न मंच व संस्कृति बोध प्रतियोगिता में छात्रों का शानदार प्रदर्शन, विभाग स्तरीय महोत्सव के लिए हुआ चयन
विद्यालय स्तरीय प्रश्न मंच व संस्कृति बोध प्रतियोगिता में छात्रों का शानदार प्रदर्शन, विभाग स्तरीय महोत्सव के लिए हुआ चयन
गिरिडीह, 5 अगस्त। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा, गिरिडीह में आयोजित विद्यालय स्तरीय प्रश्न मंच एवं संस्कृति बोध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के आधार पर विज्ञान, वैदिक गणित, संस्कृति बोध, मूर्तिकला, कथा कथन एवं त्वरित भाषण सहित विभिन्न विधाओं में शिशु, बाल, किशोर और तरुण वर्ग के प्रतिभागियों का विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव के लिए चयन किया गया। वहीं आचार्य पत्रवाचन प्रतियोगिता के लिए डॉ. ब्रजेश बर्णवाल का चयन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने दीप प्रज्ज्वलित कर, भारत माता पूजन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। गणित प्रतियोगिता प्रमुख अनिल आचार्य, विज्ञान प्रतियोगिता प्रमुख निशा श्रेष्ठ एवं संस्कृति बोध प्रमुख दुलारचंद आचार्य ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का विषय प्रवेश कराया और विद्यार्थियों को अध्ययन, स्वाध्याय तथा प्रतिभा विकास के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य आनंद कमल ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि अनुशासन, सतत अभ्यास और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव में भी विद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों और समाज का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। अंत में विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

