गिरिडीह में एक दर्जन से अधिक युवाओं ने थामा झामुमो का दामन, संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गिरिडीह जिला कार्यालय में वार्ड नंबर 12 के शीतलपुर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक युवाओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। विशाल रवानी के नेतृत्व में युवाओं ने पार्टी का दामन थामा।
सदस्यता ग्रहण करने वाले युवाओं ने कहा कि झामुमो द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया है। कुछ युवाओं ने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
इस अवसर पर झामुमो महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, जिला सह सचिव दिलीप रजक, अभय सिंह, अंकित सहाय, अनुभव सिंह, राकेश गुप्ता और अजीत सिन्हा ने नव शामिल युवाओं को पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया।
नव सदस्य युवाओं ने संगठन को मजबूत करने और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अधूरे सपनों को साकार करने की बात कही।
पार्टी में शामिल होने वालों में रंजीत रवानी, सूजल कुमार, रवि शर्मा, सन्नी चंद्रवंशी, अभिषेक कुमार, आनंद कुमार, उदयकांत वर्मा, मनोज कुमार, आकाश कुमार, धीरज सिन्हा, राजेश महतो और मोनू कुमार समेत कई युवा शामिल रहे।

