वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचीं नगर परिषद अध्यक्ष, बोलीं— खुद को अकेला न समझें, मैं आपकी बेटी हूं
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस (International Day of Older Persons) पर वृद्धाश्रम पहुंचीं नगर परिषद अध्यक्ष, कहा— “आप खुद को अकेला न समझें, मैं आपकी बेटी हूं”
गुमला। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विंध्याचल नगर स्थित संचार वृद्ध आश्रम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुमला नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला उरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्ध माता-पिता से आत्मीय मुलाकात की और आश्रम की व्यवस्थाओं एवं उनकी आवश्यकताओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला उरांव ने वृद्धजनों के बीच वस्त्र, फल एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया। उन्होंने सभी वृद्धजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने भावुक होकर कहा कि “आप सभी खुद को कभी अकेला महसूस न करें। मैं आपकी बेटी हूं और हर संभव मदद के लिए आपके साथ खड़ी हूं।” उन्होंने वृद्धजनों को विश्वास दिलाया कि उनकी जरूरतों और समस्याओं को प्राथमिकता के साथ समझने और समाधान का प्रयास किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि हमारे बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। वृद्ध माता-पिता का सम्मान, सेवा और देखभाल करना हम सभी की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को परिवार जैसा अपनापन और सम्मान मिले, इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान गूंजा देवी, सुवर्णा देवी गुड्डी नंदा, शुभम उरांव, विष्णु तिर्की आश्रम के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


