भरनो प्रखंड के खरका गांव में धूमधाम से आयोजित हुआ सोहराई जतरा,पारंपरिक गीत-नृत्य से झूमे ग्रामीण

भरनो प्रखंड के खरका गांव में धूमधाम से आयोजित हुआ सोहराई जतरा,पारंपरिक गीत-नृत्य से झूमे ग्रामीण।

भरनो (गुमला):- भरनो प्रखंड के अमलिया पंचायत अंतर्गत खरका गांव में बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाज एवं हर्षोल्लास के साथ सोहराई जतरा का आयोजन किया गया।जतरा को लेकर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा।गांव के पहान-पुजारों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना कर जतरा का शुभारंभ किया गया।इसके बाद जतरा में आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और पारंपरिक उत्सव का आनंद उठाया।मौके पर पूर्व मुखिया पंचू उरांव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोहराई जतरा हमारे पूर्वजों की देन है।यह हमारी परंपरा,कला और समृद्ध आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करता है।जतरा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत बनाने का अवसर भी है।यहां लोग एक-दूसरे से मिलते हैं और अपने सुख-दुःख साझा करते हैं।ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता के साथ-साथ पुरानी परंपराओं को जीवित रखने में मदद मिलती है।वहीं देवकुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जतरा का आयोजन किसी पर्व और त्योहार से कम नहीं होता है।जतरा को लेकर गांव में विशेष उत्साह रहता है।इस अवसर पर दूर-दराज में रहने वाले सगे-संबंधी और रिश्तेदार भी मेहमान बनकर गांव पहुंचते हैं तथा मिल-जुलकर जतरा का आनंद उठाते हैं।उन्होंने लोगों से नशापान से दूर रहने और अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की अपील की।उन्होंने कहा कि समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है।बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर ही समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।सोहराई जतरा के अवसर पर विभिन्न गांवों से कई खोड़हा दलों ने हिस्सा लिया।पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे खोड़हा दलों ने ढोल-मांदर की थाप पर आकर्षक पारंपरिक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।जतरा परिसर में पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की गूंज से पूरा माहौल उत्सवी हो गया।ग्रामीणों ने एक-दूसरे से मिलकर आपसी प्रेम,सौहार्द और भाईचारे के साथ जतरा का आनंद उठाया।इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बड़ा,मुखिया पंची उरांव,राजेंद्र उरांव,अनिल उरांव,राम कुमार सिंह,डॉ. फूलदेव उरांव,सुरेश उरांव,जनता उरांव,बुधराम उरांव,रतिया उरांव सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

You may have missed