कांडी के 104 बूथों पर SIR का विशेष कैंप, बीडीओ राजेश कुमार ने किया निरीक्षण
कांडी के बूथ संख्या 39 पर आयोजित विशेष कैंप का निरीक्षण करते बीडीओ राजेश कुमार।
कांडी के 104 मतदान केंद्रों पर लगा ‘एक और अवसर कैंप’, बीडीओ ने किया निरीक्षण
कांडी, प्रतिनिधि। मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत बुधवार को कांडी प्रखंड के सभी 104 मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया गया। इसमें विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 83 तथा भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के 21 मतदान केंद्र शामिल रहे। सभी केंद्रों पर आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 की छठी एवं अंतिम बैठक के साथ चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया गया। कैंप का मुख्य उद्देश्य वैसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर देना था, जिनका नाम विभिन्न कारणों से प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने बूथ संख्या 39 का भ्रमण कर कैंप में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों से निर्वाचन कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों के निष्पादन पर ध्यान दिया। वहीं, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) शाहिद अंसारी ने बताया कि प्रखंड के सभी 104 मतदान केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के तहत कैंप का आयोजन किया गया। सभी केंद्रों पर निर्धारित कार्यों को पूरी गंभीरता के साथ संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आयोजित इस कैंप में एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे नाम वाले) सूची में चिह्नित पात्र मतदाताओं के मामलों के सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, ऐसे पात्र नागरिकों को भी अवसर दिया गया, जो दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद उपस्थित नहीं हो सके थे। इसके अलावा एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वैसे युवा, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उन्हें भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने का अवसर मिला। नियमानुसार पात्र नागरिकों से प्रपत्र-6 एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। अभियान के दौरान बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के बीच समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर दिया गया। निर्वाचन विभाग की इस पहल का उद्देश्य कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा आगामी अंतिम मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा सके।




