टाउन हॉल में संत मरियम स्कूल का अभिभावक–शिक्षक संवाद, बच्चों के बचपन और सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन

टाउन हॉल में संत मरियम स्कूल का अभिभावक–शिक्षक संवाद, बच्चों के बचपन और सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन

स्वस्थ बचपन ही सशक्त राष्ट्र की नींव है: चेयरमैन अविनाश देव

मेदिनीनगर। नगर भवन में संत मरियम विद्यालय के द्वारा अभिभावक–शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बचपन को सुरक्षित रखते हुए उनके संपूर्ण बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास में विद्यालय की भूमिका पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव, प्राचार्य श्री कुमार आदर्श, उप-प्राचार्य श्री एस.बी. शाहा, किड्स स्कूल निदेशक श्री आनंद कुमार, श्री प्रवीण दुबे द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ जहां बच्चों के बचपन को बचाने एवं उनके सर्वांगीण विकास के विषय को लेकर विशेष मंथन किया गया।

संबोधन में विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, स्वास्थ्य और मूल्यों की रक्षा की नैतिक जिम्मेदारी भी निभाता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मोबाइल स्क्रीन, असंतुलित खानपान और बढ़ते सामाजिक दबाव बच्चों के बचपन को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में विद्यालय और अभिभावकों का समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन की ग्लोबल स्कूल हेल्थ का पहल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 और नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए बताया कि 3 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण, समग्र और कौशल-आधारित शिक्षा पर जोर दिया गया है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, व्यवहारिक और डिजिटल शिक्षा शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि बचपन बचाने के वैश्विक प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और समाज को मिलकर नशे, हिंसा और तकनीकी लत जैसी चुनौतियों से बच्चों को बचाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव विद्यालय प्रबंधन के समक्ष रखे। विद्यालय प्रशासन ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने नृत्य, भाषण, कराटे और स्केटिंग की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों ने सराहना के साथ खूब तालियाँ दीं।