सलखनी गेट से गवरलेटवा तक जर्जर सड़क की जल्द होगी मरम्मत, डीसी ने दिया आश्वासन
प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली मुख्य जर्जर सड़क की बदहाली से अब जल्द ही ग्रामीणों को मुक्ति मिलने वाली है। युवा समाजसेवी सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता की ओर से सौंपे गए ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पलामू उपायुक्त महोदय ने सलखनी रेलवे गेट से CHC (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) मोड़ और गवरलेटवा गांव तक की बदहाल सड़क की तत्काल मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया है।
जनहित में उठाई मजबूती से आवाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलखनी गेट से द्वारपर, शिवसंपत धाम होते हुए CHC मोड़ और गवरलेटवा गांव तक की सड़क काफी समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं और अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, गर्भवती महिलाओं व आम यात्रियों की जान जोखिम में बनी रहती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए युवा समाजसेवी अजय कुमार गुप्ता ने पलामू उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और पूर्व में सौंपी गई BDO ऊंटारी रोड की जांच रिपोर्ट (पत्रांक 550) का हवाला देते हुए तुरंत कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।
जल्द शुरू होगा मरम्मत कार्य
ज्ञापन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उपायुक्त महोदय ने प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने का भरोसा दिलाया।
“सलखनी गेट से CHC मोड़ और गवरलेटवा तक की सड़क जन-सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उपायुक्त महोदय ने हमारी मांगों को गंभीरता से सुना और अविलंब मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही धरातल पर काम शुरू होगा और लोगों को इस जानलेवा सफर से निजात मिलेगी।”

