ज्वेलरी दुकानों और झारखंड ग्रामीण बैंक का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण
ज्वेलरी दुकानों व झारखंड ग्रामीण बैंक का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश, संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील
केतार। केतार थाना पुलिस द्वारा मंगलवार को थाना क्षेत्र की विभिन्न ज्वेलरी दुकानों एवं झारखंड ग्रामीण बैंक, केतार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने दुकानदारों एवं बैंक कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ने कहा कि ज्वेलरी दुकान एवं बैंक जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने दुकानदारों एवं बैंक कर्मियों से संदिग्ध गतिविधि अथवा अनजान व्यक्ति के संबंध में तत्काल थाना को सूचना देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केतार थाना क्षेत्र के किसी भी गांव में यदि कोई संदिग्ध अथवा अनजान व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी भूमिका निभा सकेगी।
थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने बताया कि केतार थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।


