केतार मंदिर के पास रामलीला मैदान में डेरा जमाए लोगों को पुलिस ने हटाया, पूछताछ के बाद यूपी भेजा
केतार मंदिर के पास रामलीला मैदान में डेरा जमाये लोगों को पुलिस ने हटाया, यूपी भेजा
थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर की जांच-पड़ताल, विधि-व्यवस्था को लेकर बरती सतर्कता
केतार (गढ़वा)। थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केतार पुलिस ने गुरुवार को विशेष पहल की। केतार मंदिर के समीप रामलीला मैदान में डेरा डालकर रह रहे बाहर से आए कुछ घुमंतू लोगों की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां रह रहे लोगों से पूछताछ की और आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद उन्हें वहां से हटाकर उत्तर प्रदेश की ओर भेज दिया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार थाना क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक सत्यापन के किसी भी व्यक्ति या समूह के लंबे समय तक रहने की स्थिति में उनकी गतिविधियों की जांच करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई की।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बाहरी लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।


