हरिहरगंज में अवैध शराब भट्ठियों पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, मिनी भट्ठियां ध्वस्त
पलामू हरिहरगंज नगर पंचायत के बैद बिगहा में प्रशासन और अवैध शराब माफिया के बीच आर-पार की जंग छिड़ गई है। आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर बैद बिगहा में धावा बोलकर मिनी शराब भट्ठियों को नेस्तनाबूत कर दिया। प्रशासनिक सख्ती के बावजूद धंधेबाजों के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासन की नाक के नीचे यह अवैध धंधा बदस्तूर जारी है।
कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिकारियों ने बंद दरवाजों के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और शराब बनाने वाली तमाम सामग्रियों को तहस-नहस कर दिया। भारी मात्रा में एकत्रित किए गए जावा महुआ को जमीन पर गिराकर नष्ट (जमींदोज) कर दिया गया, वहीं पानी की टंकियों और ड्रमों को भी तोड़कर बेकार कर दिया गया।
नवरात्र के बाद इलाके में हुई इस दूसरी बड़ी छापेमारी से अवैध कारोबारियों में हड़कंप जरूर मचा है, लेकिन पुलिस की भनक मिलते ही शराब बनाने वाले सभी व्यवसायी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब इन फरार व्यवसायियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
पलामू संवाददाता मनोज कुमार गुप्ता।


