SIR-2026: गिरिडीह डीसी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, मतदाता सूची जांचने की अपील
गिरिडीह। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची के प्रकाशन के साथ दावा-आपत्ति की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी कार्य पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज की जा सकती है।
उपायुक्त ने बीएलओ को प्रपत्र-6, 7 और 8 के संबंध में मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देने तथा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदाताओं से प्रारूप सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से सुधार कराने की अपील की। निरीक्षण के दौरान गिरिडीह अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

