ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार, 11 ग्राम नशीला पदार्थ और ₹2,700 बरामद

ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 11 ग्राम नशीला पदार्थ व 2700 रुपये नकद बरामद
पालकोट पुलिस की कार्रवाई, कोलेंग नवाडीह निवासी अमित कुमार साहू के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पालकोट। पालकोट थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोलेंग नवाडीह निवासी करीब 32 वर्षीय अमित कुमार साहू, पिता रामलाल साहू को ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 11 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन तथा 2700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को पुलिस अधीक्षक, गुमला को सूचना मिली थी कि कोलेंग नवाडीह निवासी अमित कुमार साहू अपने मुर्गी फार्म में ब्राउन शुगर बेचने का कार्य करता है। सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर सत्यापन के लिए सशस्त्र बल के साथ पुलिस टीम मुर्गी फार्म पहुंची।
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति वहां से घबराकर भागने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित कुमार साहू बताया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से नारंगी रंग के प्लास्टिक में रखा करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा ब्राउन रंग के पर्स से 2700 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पालकोट थाना कांड संख्या 54/2025 के तहत NDPS Act की धारा 17(b)/21(b)/22(b)/29 में मामला दर्ज करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा बरामद पदार्थ की जांच की प्रक्रिया भी की जा रही है।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
कार्रवाई में बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी, बसिया अंचल के पुलिस निरीक्षक गुलशन भेंगरा, पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज, पुलिस पदाधिकारी विश्वजीत कुमार चेतन, रामचन्द्र यादव, रामप्रवेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।