आर्टिकल 370 हटने के सात साल पूरे, जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा, अमरनाथ यात्रा एक दिन स्थगित
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 के प्रावधान हटाए जाने के सात साल पूरे होने के मौके पर केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर, कुलगाम और पहलगाम समेत संवेदनशील इलाकों में मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा जांच बढ़ाई गई है। रामबन में CRPF ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जबकि कुलगाम में NH-44 पर पुलिस द्वारा वाहनों और लोगों की पहचान की जांच की जा रही है।
एहतियात के तौर पर जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित किया गया है। वहीं बिना अनुमति रैली और धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। दूसरी ओर नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस और पीडीपी समेत कई राजनीतिक दल इस दिन को लेकर विरोध जता रहे हैं और इसे ‘ब्लैक डे’ के रूप में मना रहे हैं। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 के अधिकतर प्रावधानों को निष्प्रभावी करते हुए जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किया था।

