JPSC-JSSC में कथित धांधली के खिलाफ गिरिडीह में ABVP की मशाल यात्रा, CBI जांच की मांग

गिरिडीह। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की गिरिडीह इकाई ने बुधवार को झंडा मैदान से टावर चौक तक मशाल यात्रा निकालकर JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ विरोध जताया। अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि संगठन को CID जांच पर भरोसा नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच CBI या ED से कराई जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा और JSSC-CGL जैसी विवादित परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा आयोजित करने की भी मांग की।

जिला संयोजक नीरज चौधरी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, नियमित परीक्षा कैलेंडर और दोषी अधिकारियों एवं संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। SFS सह संयोजक अनीश राय ने दावा किया कि CID अब तक 14 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और आगे की जांच CBI को सौंपी जानी चाहिए। मशाल यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता की मांग उठाई। कार्यक्रम में अभिजीत सिन्हा, आकाश श्रीवास्तव, राजेश यादव, सोनू यादव, ज्योति कुमारी, सोनाली, ममता कुमारी और प्रशांत कुमार समेत कई छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।