शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर फुटबॉल टूर्नामेंट, FC 11 स्टार गांडेय बना विजेता
गिरिडीह। पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर झारखंड युवा मोर्चा जिला समिति की ओर से झंडा मैदान में एकदिवसीय नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया। उन्होंने शिबू सोरेन के संघर्ष और विचारों को याद करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना ही गुरुजी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और अन्य संसाधनों के विस्तार की दिशा में काम कर रही है।
टूर्नामेंट में FC 11 स्टार क्लब गांडेय, लोकल बॉय बेंगाबाद, फूलो झानो क्लब गिरिडीह पूर्वी भाग और ताज स्पोर्टिंग क्लब पचम्बा ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में FC 11 स्टार क्लब गांडेय ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि लोकल बॉय बेंगाबाद उपविजेता रहा। गांडेय के प्रदीप मरांडी को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, केंद्रीय समिति सदस्य बबली मरांडी, दिलीप मंडल, कृष्ण मुरारी शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन और मेहताब मिर्जा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

