सौहार्द, भाईचारे और अमन के पैगाम के साथ मनाया जाएगा बकरीद का पर्व : सदर फिरोज़ अंसारी
लेस्लीगंज में ईद-उल-अजहा को लेकर तैयारियां पूरी, शांति और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
लेस्लीगंज (पलामू):
पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड मुख्यालय सहित पूरे क्षेत्र में कल ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मस्जिदों, ईदगाहों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई के साथ नमाज़ और कुर्बानी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस अवसर पर लेस्लीगंज थाना स्तरीय प्रखंड सदर फिरोज़ अंसारी एवं सेक्रेटरी मुन्ना खान ने संयुक्त रूप से सभी लोगों से शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
प्रखंड सदर फिरोज़ अंसारी ने कहा कि बकरीद केवल कुर्बानी का त्योहार नहीं, बल्कि त्याग, इंसानियत, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रशासनिक निर्देशों और शरीयत के अनुसार कुर्बानी करें तथा सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर किसी भी प्रकार की गंदगी फैलाने से बचें।
उन्होंने आगे कहा कि सभी धर्मों और समुदायों की भावनाओं का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पर्व के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
वहीं सेक्रेटरी मुन्ना खान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के अवशेषों का उचित तरीके से निस्तारण किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो और क्षेत्र का वातावरण शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ बना रहे।
मस्जिद कमिटी के अनुसार जामा मस्जिद में बकरीद की नमाज़ सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी, जबकि कोट मस्जिद में नमाज़ सुबह 7:00 बजे निर्धारित की गई है। नमाज़ के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद देंगे और इसके पश्चात कुर्बानी की रस्म अदा की जाएगी।

