कांडी प्रखंड के एक परीक्षा केंद्र पर बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा देते नवसाक्षर
कांडी प्रखंड के एक परीक्षा केंद्र पर बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा देते नवसाक्षर।
90 विद्यालयों में नवसाक्षरों ने दी बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा
कांडी/गढ़वा। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को कांडी प्रखंड के सभी 90 विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे नवसाक्षर महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा के माध्यम से नवसाक्षरों की पढ़ने, लिखने और बुनियादी संख्यात्मक ज्ञान से संबंधित दक्षताओं का आकलन किया गया।
परीक्षा को लेकर सभी निर्धारित विद्यालयों में आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई थीं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। बीपीओ रविंद्र कुमार मेहता ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई गई।
परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चली। इस दौरान नवसाक्षर महिला एवं पुरुष अपने-अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज करने से लेकर प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण तक की प्रक्रिया निर्धारित व्यवस्था के तहत पूरी की गई।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा से वंचित वयस्कों को बुनियादी पढ़ने-लिखने तथा संख्याज्ञान की क्षमता से जोड़ना है। मूल्यांकन परीक्षा के माध्यम से कार्यक्रम के तहत सीखने वाले नवसाक्षरों की प्रगति का आकलन किया जाता है।


