संगठन सृजन अभियान: पलामू में कांग्रेस की समीक्षा बैठक आयोजित, पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर
पलामू, झारखंड – संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुवार को पलामू परिसदन में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू ने की। इसमें पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों – पलामू, गढ़वा और लातेहार – के कांग्रेस पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, नगर कांग्रेस कमेटी और निकाय प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में नगर निकायों और ग्राम पंचायत समितियों की समीक्षा की गई और इस पर गहन चर्चा हुई कि कैसे कांग्रेस को गांव-गांव तक मजबूत किया जा सकता है तथा जनता तक पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाया जाए।
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा,
“पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना हमारा लक्ष्य है। इससे आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों को मजबूती मिलेगी। मुझे खुशी है कि पलामू, गढ़वा और लातेहार में संगठन 70 से 80 प्रतिशत तक तैयार हो चुका है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं से जनता से सीधा जुड़ने और कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार करने की अपील की। साथ ही जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया।

