कांडी BDO राजेश कुमार सम्मानित, पेंशन और प्रमाण पत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान की उठी मांग

कांडी बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी राजेश कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करते भाजपा मंडल अध्यक्ष शशिरंजन दुबे, किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाल दुबे एवं हरिहरपुर मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह।

कांडी (गढ़वा)। गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी राजेश कुमार को भारतीय किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की गई।
भारतीय किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाल दुबे, कांडी मंडल अध्यक्ष शशिरंजन दुबे एवं हरिहरपुर मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह ने बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास तथा आम जनता की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, जाति, आवासीय एवं जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे उन्हें अनावश्यक परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया, जिससे लोगों के कार्य समय पर और आसानी से पूरे हो सकें।
इस पर बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों से जुड़े मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि लोगों को पेंशन एवं विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने तथा प्रशासनिक सेवाओं को सरल बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
मुलाकात के दौरान किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सक्रियता से आम लोगों को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी।

You may have missed