सड़क हादसों और धूलकण से परेशान ग्रामीणों ने हाइवा रोका
सड़क हादसों और धूलकण से परेशान ग्रामीणों ने हाइवा रोका
बालूमाथ: सड़क दुर्घटनाओं और उड़ते धूलकण से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर देखने को मिला। बालूमाथ थाना क्षेत्र के झाबर में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर हाइवा का परिचालन रोक दिया। इससे बालूमाथ-पांकी मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क दुर्घटना के बाद ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के लोग हादसों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बार आश्वासन देते हैं, लेकिन बाद में उन आश्वासनों पर अमल नहीं किया जाता। ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती समेत अन्य समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने और काफी प्रयास के बाद ग्रामीण सड़क जाम हटाने पर राजी हुए।

