रेवारातच के ग्रामीणों ने जल जंगल संघर्ष समिति का जोरदार धरना-प्रदर्शन

रेवारातच के ग्रामीणों ने जल जंगल संघर्ष समिति का जोरदार धरना-प्रदर्शन*

  • पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत रेवारातू पंचायत के कौटया, सप्तमी और लकडाही जंगल-पहाड़ को बचाने की मांग को लेकर जल जंगल संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को सतबरवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। समाजसेवी आशिष कुमार सिन्हा के संचालन में ग्रामीणों ने सरना झंडा लहराते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए नारे लगाए।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिवराज सिंह (81) ने कहा, “यह जंगल हमारी पहचान और पारिस्थितिकी का आधार है। इसे बचाना हमारा कर्तव्य है। हम आदिवासी जल, जंगल, जमीन के बिना अधूरे हैं।” पांकी विधायक प्रतिनिधि महेश यादव ने जंगल को जीवन रेखा बताते हुए फर्जी ग्राम सभा के जरिए जंगल की लीज पर सवाल उठाया।

ग्रामीणों ने मांग की कि जंगल ग्राम समाज के नियंत्रण में रहे और बाहरी ठेकेदारों या कंपनियों को न सौंपा जाए। धरना के अंत में समिति ने बीडीओ सह सीओ कृष्ण मुरारी तिर्की को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम मांग पत्र सौंपा, चेतावनी दी कि जंगल पर दखलंदाजी हुई तो आंदोलन और तेज होगा।